सुबोध भारती भाग 2 – सच्ची लगन | हिंदी पाठ
सच्ची लगन
आइए, शुरू करें
यदि हमारे मन में कुछ बनने की, कुछ दिखाने की सच्ची लगन हो, तो हमें सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। आइए, इस पाठ में कुछ बच्चों से मिलते हैं और जानते हैं कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं।
उच्चारण-अभ्यास – वैज्ञानिक, प्रसंग, मुफ्त, इंजीनियर, पारुल, शिक्षिका, परिश्रम
कक्षा में अध्यापक बच्चों को महापुरुषों के जीवन के विषय में बता रहे थे। उन्होंने कई वीरों, शहीदों, वैज्ञानिकों एवं नेताओं के रोचक प्रसंग सुनाए। अंत में उन्होंने पूछा—
“बच्चो, तुम बड़े होकर क्या बनोगे?”
मनीष सबसे आगे बैठा था। वह बोला,
“गुरु जी, मैं तो डॉक्टर बनूँगा। गाँव के गरीब और बीमार लोगों का इलाज करूँगा। मेरा अपना दवाखाना होगा। मैं उसमें गरीबों का मुफ्त इलाज करूँगा।”
गुरु जी यह सुनकर बहुत खुश हुए। बोले,
“जीते रहो बेटा, तुम्हारे विचार बहुत ऊँचे हैं। तुम ज़रूर देश की सेवा करोगे।”
फिर उन्होंने सलीम से पूछा,
“तुम क्या बनोगे?”
सलीम ने कहा,
“गुरु जी, मैं तो इंजीनियर बनूँगा। मेरे पिता जी भी इंजीनियर हैं। वे कहते हैं, आजकल हमारे देश को कल-कारखानों की बड़ी ज़रूरत है। मैं नए-नए यंत्र बनाऊँगा। कारखानों में काम करूँगा। देश को समृद्ध बनाऊँगा।”
गुरु जी ने कहा,
“शाबाश सलीम, तुम ज़रूर एक होशियार इंजीनियर बनोगे। तुम्हें मन लगाकर अपनी पढ़ाई करनी चाहिए।”
फिर गुरु जी ने पारुल से पूछा,
“बेटी, तुम क्या बनोगी?”
पारुल शर्मा गई। धीरे से बोली,
“गुरु जी, मैं तो शिक्षिका बनूँगी। जो पढ़े-लिखे नहीं हैं, उन्हें पढ़ाऊँगी।”
गुरु जी ने कहा,
“आज देश को अच्छे शिक्षक-शिक्षिकाओं की बहुत ज़रूरत है। लड़कियों के लिए शिक्षिका बनना अच्छा है। वे बहुत प्रेम और धीरज से बालकों को पढ़ा सकती हैं। ज़रूर बेटी, तुम विद्या का दान देकर अच्छे नागरिक बना सकती हो।”
अंत में गुरु जी ने पूछा,
“वैभव, तुम क्या बनोगे?”
पहले तो वैभव सोच में पड़ गया कि वह क्या कहे, क्या न कहे? फिर साहस करके बोला,
“गुरु जी, मैं तो समाज-सेवक बनूँगा। लोगों की सेवा करूँगा। जनता चाहेगी तो चुनाव लड़ूँगा। और जीत गया तो मंत्री बनूँगा और देश की तन-मन से सेवा करूँगा। नहीं जीता, फिर भी जनता की सेवा तो करूँगा ही।”
गुरु जी वैभव की बात सुनकर बोले,
“तुम ज़रूर नेता बनोगे।”
फिर गुरु जी ने सारी कक्षा से कहा—
“जो लोग अपने-अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करते हैं, उन्हें अवश्य सफलता मिलती है। सच्ची लगन से मेहनत करने वाले की इच्छा अवश्य पूरी होती है। याद रखो— परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।”
शब्दार्थ
महापुरुष — महान पुरुष
रोचक — मज़ेदार
प्रसंग — किस्से
मुफ्त — बिना पैसे का
समृद्ध — अमीर
लक्ष्य — उद्देश्य
कुंजी — चाबी
अभ्यास
मौखिक
1. कक्षा में अध्यापक क्या बता रहे थे?
उत्तर— कक्षा में अध्यापक बच्चों को महापुरुषों के जीवन के बारे में बता रहे थे। वे वीरों, शहीदों, वैज्ञानिकों और नेताओं के रोचक प्रसंग सुना रहे थे।
2. अध्यापक ने पाठ के अंत में बच्चों से क्या याद रखने के लिए कहा?
उत्तर— अध्यापक ने कहा कि जो लोग अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर मेहनत करते हैं, उन्हें सफलता अवश्य मिलती है। परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।
लिखित
प्रश्न 1. मनीष डॉक्टर बनकर क्या करना चाहता है?
उत्तर— मनीष डॉक्टर बनकर गाँव के गरीब और बीमार लोगों का इलाज करना चाहता है। वह अपना दवाखाना खोलकर गरीबों का मुफ्त इलाज करना चाहता है।
प्रश्न 2. सलीम इंजीनियर बनकर क्या बनाना चाहता है?
उत्तर— सलीम इंजीनियर बनकर नए-नए यंत्र बनाना चाहता है और देश को समृद्ध बनाना चाहता है।
प्रश्न 3. लड़कियों के लिए शिक्षिका बनना क्यों अच्छा है?
उत्तर— क्योंकि वे प्रेम और धैर्य से बच्चों को पढ़ा सकती हैं तथा उन्हें अच्छे नागरिक बना सकती हैं।
प्रश्न 4. सफलता किसे मिलती है?
उत्तर— सफलता उसी को मिलती है जो अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर सच्ची लगन और परिश्रम से काम करता है।
प्रश्न 5. आप क्या बनना चाहते हैं और क्यों बनना चाहते हैं?
उत्तर— मैं डॉक्टर बनना चाहता/चाहती हूँ क्योंकि मैं गरीब और बीमार लोगों की सेवा करना चाहता/चाहती हूँ।
भाषा की बात
1. नीचे लिखे शब्दों पर सही जगह अनुस्वार चिह्न (ं) लगाइए—
बनुगा, गाव, करुगा, बनाउगा, लडुगा
मे, बच्चो, उन्होने, वीरो, शहीदो
वैज्ञानिको, नेताओ, कारखानो, नही, मै
उत्तर—
बनूँगा, गाँव, करूँगा, बनाऊँगा, लड़ूँगा
में, बच्चों, उन्होंने, वीरों, शहीदों
वैज्ञानिकों, नेताओं, कारखानों, नहीं, मैं
नियमानुसार इ, ई, ए, ऐ, ओ, औ की मात्राओं के साथ अनुस्वार चिह्न (ं) को अनुनासिक (ँ) के रूप में लगाते हैं। जैसे— में, नहीं, पौधों, साँप आदि।
2. पढ़िए और समझिए—
'जी' शब्द अलग लिखिए, जोड़कर नहीं—
गुरु जी
पिता जी
माता जी
नानी जी
नेता जी
अध्यापिका जी
लाला जी
दादा जी
3. बहुवचन बनाइए—
शिक्षिका — __________
पुस्तक — __________
कविता — __________
दिशा — __________
उत्तर—
शिक्षिका — शिक्षिकाएँ
पुस्तक — पुस्तकें
कविता — कविताएँ
दिशा — दिशाएँ
4. स्त्रीलिंग शब्द चुनकर लिखिए—
शब्द बैंक:
लेखिका, नेत्री, आचार्या, अध्यापिका, डॉक्टरनी, शिक्षिका, वीरांगना, गायिका
शिक्षक — __________
नेता — __________
वीर — __________
डॉक्टर — __________
आचार्य — __________
अध्यापक — __________
गायक — __________
लेखक — __________
उत्तर—
शिक्षक — शिक्षिका
नेता — नेत्री
वीर — वीरांगना
डॉक्टर — डॉक्टरनी
आचार्य — आचार्या
अध्यापक — अध्यापिका
गायक — गायिका
लेखक — लेखिका
5. विलोम शब्द चुनकर लिखिए—
शब्द बैंक:
असफलता, घृणा, अरुचि, कायर, अमीर, अंत, बुद्धू, धैर्यहीन
वीर × __________
रुचि × __________
प्रारंभ × __________
गरीब × __________
होशियार × __________
प्रेम × __________
धैर्यवान × __________
सफलता × __________
उत्तर—
वीर × कायर
रुचि × अरुचि
प्रारंभ × अंत
गरीब × अमीर
होशियार × बुद्धू
प्रेम × घृणा
धैर्यवान × धैर्यहीन
सफलता × असफलता
6. नए शब्द बनाइए—
दवा → दवाखाना
कार → __________
जेल → __________
पागल → __________
यहाँ ‘खाना’ का अर्थ है ‘घर’।
उत्तर—
दवा + खाना = दवाखाना
कार + खाना = कारखाना
जेल + खाना = जेलखाना
पागल + खाना = पागलखाना
7. अर्थ लिखिए—
विद्या दान — विद्या का दान
वस्त्र दान — ______________________
संपत्ति दान — ______________________
दूसरों की भलाई के लिए अपनी अच्छी वस्तुएँ दान में दे दी जाती हैं।
उत्तर—
विद्या दान — विद्या का दान
वस्त्र दान — वस्त्रों का दान
संपत्ति दान — संपत्ति का दान
8. उदाहरण देखकर लिखिए—
बनना बनूँगा बनूँगी
पढ़ना __________ __________
करना __________ __________
सकना __________ __________
कहना __________ __________
उत्तर—
बनना बनूँगा बनूँगी
पढ़ना → पढ़ूँगा → पढ़ूँगी
करना → करूँगा → करूँगी
सकना → सकूँगा → सकूँगी
कहना → कहूँगा → कहूँगी
रचनात्मक गतिविधियाँ
1. नीचे दिए चित्र पहचानकर बताइए कि ये कौन हैं?
उत्तर—
डॉक्टर
शिक्षक
इंजीनियर
नेता
नर्स
पुलिसकर्मी
खिलाड़ी (क्रिकेट खिलाड़ी)
किसान
डाकिया
2. कौन क्या-क्या करता है, लिखिए—
शब्द:
भाषण देना, पढ़ाना, दवा देना, यंत्र बनाना, इंजेक्शन लगाना, चुनाव लड़ना, मशीन चलाना, अच्छी बातें सिखाना
उत्तर—
डॉक्टर → दवा देना, इंजेक्शन लगाना
इंजीनियर → यंत्र बनाना, मशीन चलाना
शिक्षक → पढ़ाना, अच्छी बातें सिखाना
नेता → भाषण देना, चुनाव लड़ना
3. रचनात्मक गतिविधि
रविवार को आने वाले हिंदी अखबार से कोई बाल कविता काटकर चिपकाइए और उसे जोर-जोर से पढ़िए।
उत्तर—


